“प्रधानमंत्री मोदी ने महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को उनकी 152वीं जयंती पर श्रद्धांजलि दी और देशवासियों से आग्रह किया कि वे इस अवसर पर खादी और हस्तशिल्प उत्पादों को खरीदकर बापू को श्रद्धासुमन अर्पित करें। बाद में प्रधानमंत्री राजधानी के राजघाट स्थित बापू के समाधि स्थल भी गए और उन्हें पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर वहां सर्वधर्म प्रार्थना सभा का भी आयोजन किया गया। मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को उनकी जन्म-जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि। इस बार गांधी जयंती विशेष है क्योंकि भारत आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। हम बापू के आदर्शों का हमेशा पालन करें। मैं आप सभी से यह आग्रह भी करता हूं कि खादी और हस्तशिल्प उत्पादों को खरीदें और गांधी जी को श्रद्धा सुमन अर्पित करें।’’
इस ट्वीट के साथ ही प्रधानमंत्री ने विभिन्न अवसरों पर उनके द्वारा बापू को दी गई श्रद्धांजलि से जुड़ा एक वीडियो भी साझा किया। गांधी का जन्म गुजरात के पोरबंदर में दो अक्टूबर 1869 में हुआ था। उनके जन्मदिन को गांधी जयंती के साथ ही अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस के रूप में भी मनाया जाता है। अंग्रेजी हुकूमत से भारत को आजाद कराने की लड़ाई का उन्होंने नेतृत्व किया था। अहिंसक विरोध का उनका सिखाया हुआ सबक आज भी पूरी दुनिया में सम्मान के साथ याद किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *