काशी (आनंद कुमार दुबे): प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी (काशी) को जल्द ही एक और बड़ी आध्यात्मिक और पर्यटन सौगात मिलने जा रही है। वाराणसी नगर निगम ने लगभग ₹100 करोड़ की लागत से 20 एकड़ क्षेत्र में एक भव्य शिव थीम अर्बन पार्क विकसित करने की योजना को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना का मुख्य आकर्षण दुनिया का सबसे ऊंचा शिवलिंग होगा, जिसकी प्रस्तावित ऊंचाई करीब 130 फीट बताई जा रही है।
नगर निगम के अनुसार, यह परियोजना भेलूपुर स्थित जलकल विभाग की भूमि पर विकसित की जाएगी। शिव थीम पार्क को पूरी तरह भगवान शिव की अवधारणा पर आधारित बनाया जाएगा, जिससे काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को और मजबूती मिलेगी। परियोजना के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इसे अगले 8 से 9 महीनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
विशाल शिवलिंग के चारों ओर आकर्षक पाथवे बनाया जाएगा। इसके अलावा आधुनिक लेजर शो, हाईटेक झूले, फूड कोर्ट, गज़ीबो और हरित क्षेत्र भी विकसित किए जाएंगे, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आध्यात्मिकता के साथ मनोरंजन का अनुभव भी मिल सके।
पार्क में काशी की सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने के लिए ओपन आर्ट गैलरी और संग्रहालय भी स्थापित किए जाएंगे। यहां काशी के पद्म पुरस्कार विजेताओं, कलाकारों और देश की प्रमुख विभूतियों से जुड़ी जानकारी प्रदर्शित की जाएगी। साथ ही एक आधुनिक प्लानेटोरियम स्थापित करने की भी योजना है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह महत्वाकांक्षी परियोजना वाराणसी को वैश्विक धार्मिक पर्यटन के मानचित्र पर नई पहचान दिलाएगी। इससे स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की संख्या में भी उल्लेखनीय वृद्धि होने की संभावना है।