बिहार के अमीन आंदोलन की तैयारी में, लंबित मांगों के समाधान की मांग

पटना, बिहार। बिहार में भूमि मापी, सीमांकन, नक्शा एवं स्थल जांच जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में भूमिका निभाने वाले राजस्व अमीन अपनी विभिन्न सेवा संबंधी समस्याओं को लेकर आंदोलन की तैयारी में हैं।

बिहार राजस्व अमीन संघ का कहना है कि अमीन वर्षों से गृह जिले से दूर पदस्थापित होकर काम कर रहे हैं। स्थानांतरण को लेकर विभागीय स्तर पर वार्ता के बाद गृह जिले या आसपास पोस्टिंग की प्रक्रिया अपनाने का आश्वासन दिया गया था और अमीनों से ऑनलाइन आवेदन भी लिए गए थे। हालांकि, संघ का आरोप है कि आवेदन लिए जाने के कई महीने बाद भी प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है।
अमीनों ने स्थानांतरण प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने, सेवा-संपुष्टि की प्रक्रिया स्पष्ट एवं समयबद्ध करने और पदोन्नति की पारदर्शी व्यवस्था लागू करने की मांग की है। इसके अलावा जिम्मेदारी के अनुरूप वेतनमान, यात्रा एवं अन्य सेवा सुविधाओं की समीक्षा की मांग भी उठाई गई है।

संघ का कहना है कि अमीनों को भूमि विवादों से जुड़े संवेदनशील मामलों में स्थल पर जाकर मापी और सीमांकन करना पड़ता है। ऐसे में उन्हें आवश्यक तकनीकी संसाधन, प्रशासनिक सहयोग और सुरक्षा सुविधा उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
बिहार राजस्व अमीन संघ ने स्पष्ट किया है कि आंदोलन का उद्देश्य भूमि प्रशासन को बाधित करना नहीं, बल्कि लंबित समस्याओं के समाधान के लिए सरकार और विभाग का ध्यान आकर्षित करना है।
संघ ने राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने और अमीनों के साथ नियमित संवाद स्थापित करने की अपील की है। संघ का कहना है कि समस्या का समाधान संवाद के माध्यम से होना चाहिए, ताकि आंदोलन की स्थिति उत्पन्न न हो।
(Satosh Kumar)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *