जब से महाराजा भारत सरकार से मुक्त होकर टाटा के हुए हैं उनमें आमूल-चूल बदलाव आये हैं। इस बार एअर इंडिया ने अपना नया लोगो और लिवरी अनवील किया है। लिवरी को आप एयरक्राफ्ट का पूरा मेकओवर समझ सकते हैं। मेकओवर में सुनहरे, लाल और बैंगनी रंगों का इस्तेमाल किया गया है। टाटा ग्रुप की 91 साल पुरानी एयरलाइन 15 महीने से इस पर काम कर रही थी। यह कोणार्क चक्र से प्रेरित पुराने लोगो की जगह लेगा। लंदन बेस्ड ब्रांड और डिजाइन कंसल्टेंसी फर्म फ्यूचर ब्रांड के साथ पार्टनरशिप में लोगो डिजाइन किया गया है। दिसंबर 2023 में एअर इंडिया का पहला एयरबस A350 नए लोगो और मेकओवर के साथ बेड़े में शामिल होगा। फ्यूचर ब्रांड ने अमेरिकन एयरलाइंस और ब्रिटिश लक्जरी ऑटोमोबाइल ब्रांड बेंटले के साथ ब्रांडिंग पर काम किया है।

नए लोगों में एअर इंडिया के गहरे लाल अक्षरों को बरकरार रखा गया है, लेकिन फॉन्ट अलग है। इसमें गोल्ड विंडो फ्रेम को शामिल किया गया है। एयरलाइन ने कहा, ‘यह लोगो असीमित संभावनाओं और भविष्य के लिए एयरलाइन का बोल्ड, कॉन्फिडेंट आउटलुक दर्शाता है।‘ एअर इंडिया की पहचान उसका महाराजा मस्कट रहा है। 1946 में इसे डिजाइन किया गया था। एयर इंडिया के तब के कॉमर्शियल डायरेक्टर बॉबी कूका और विज्ञापन एजेंसी जे.वाल्टर थॉम्पसन के आर्टिस्ट उमेश राव ने मिलकर ब्रांड आइकन बनाया था। बाद में इसमें बदलाव भी किए गए। एयर इंडिया के CEO और MD कैंपबेल विल्सन ने कहा- महाराजा अब मुख्य रूप से एयर इंडिया की घरेलू उड़ानों पर दिखाई देंगे। इंटरनेशनल कस्टमर बेस से महाराजा मस्कट उतना रिलेट नहीं करता इसलिए ऐसा किया जा रहा है। प्रीमियम क्लास के लिए महाराजा का इस्तेमाल होगा।