बागेश्वर धाम सरकार पीठाधीश श्री धीरेंद्र शास्त्री महराज इन दिनों उत्तराखंड के बद्रीनाथ धाम की बर्फीली वादियों में 11 दिवसीय अखंड साधना में लीन हैं। “बद्रीनाथ एकात्म साधना” के तहत वे भगवान विष्णु की आराधना, हिमालय की दिव्य ऊर्जा और गहन ध्यान-साधना में समर्पित भाव से तप कर रहे हैं। बर्फ से ढकी पहाड़ियों और शांत वातावरण के बीच चल रही यह साधना श्रद्धालुओं और अनुयायियों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

साधना के दौरान की कुछ विशेष तस्वीरें सामने आई हैं, जिनमें बागेश्वर सरकार अपनी कुटिया से बाहर निकलकर वहां तैनात भारतीय सेना के जवानों से आत्मीय संवाद करते दिखाई दे रहे हैं। जवानों के साथ उनकी सहज बातचीत और आशीर्वाद का दृश्य सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है।

बताया जा रहा है कि यह साधना आध्यात्मिक जागृति, आत्मबल, एकाग्रता और मोक्ष की दिशा में एक विशेष तपस्या मानी जा रही है। हिमालय की अलौकिक वादियों में हो रही इस साधना को जनकल्याण और मानव उत्थान से भी जोड़कर देखा जा रहा है। 11 दिनों की इस तपस्या में बागेश्वर सरकार की तेजस्वी और शांत छवि श्रद्धालुओं को गहराई से प्रभावित कर रही है।
