गुरुग्राम में घर खरीदना मिडिल क्लास के लिए “सपना”

गुरुग्राम में घर खरीदना मिडिल क्लास के लिए होता जा रहा मुश्किल, रियल एस्टेट कीमतों में भारी उछाल।

हरियाणा का साइबर सिटी गुरुग्राम अब तेजी से अमीरों का शहर बनता जा रहा है। रियल एस्टेट बाजार में लगातार बढ़ती कीमतों के कारण मध्यम वर्ग के लिए यहां घर खरीदना लगभग नामुमकिन होता जा रहा है। जानकारी के अनुसार, शहर में 2BHK फ्लैट की शुरुआती कीमत अब 2 से 3 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है, जबकि कुछ साल पहले इसी तरह के मकान 60 से 70 लाख रुपये में उपलब्ध थे।

गुरुग्राम के प्रीमियम आवासीय प्रोजेक्ट्स, खासकर डीएलएफ कैमेलियास और मैग्नोलियास जैसे प्रोजेक्ट्स में फ्लैट और पेंटहाउस की कीमतें 100 करोड़ से लेकर 250 करोड़ रुपये तक बताई जा रही हैं। बढ़ती कीमतों के चलते मिडिल क्लास परिवार अब शहर के प्रमुख इलाकों से बाहर होते जा रहे हैं और न्यू गुरुग्राम, सोहना रोड तथा द्वारका एक्सप्रेसवे जैसे क्षेत्रों की ओर रुख कर रहे हैं। कई खरीदार नोएडा और ग्रेटर नोएडा को भी विकल्प के रूप में चुन रहे हैं।

विशेषज्ञों का कहना है कि गुरुग्राम में बड़ी संख्या में दिल्ली और अन्य शहरों के संपन्न लोग निवेश कर रहे हैं, जिससे संपत्तियों की मांग और कीमत दोनों बढ़ रही हैं। हालांकि, महंगे रियल एस्टेट के बावजूद शहर में जलभराव, ट्रैफिक जाम और खराब ड्रेनेज जैसी बुनियादी समस्याएं अब भी बनी हुई हैं, जो विकास मॉडल पर सवाल खड़े करती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *