मधुबनी, बिहार। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं झंझारपुर संगठन जिला के पूर्व जिला अध्यक्ष राकेश मिश्रा के आकस्मिक निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निधन पर एनडीए के कई वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है।
जानकारी के अनुसार, घोघरडीहा प्रखंड के हटनी गांव निवासी राकेश मिश्रा रविवार सुबह दरभंगा से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान फुलपरास और नौआबाखर के बीच जीरो प्वाइंट के समीप अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। बताया जाता है कि हृदय गति रुक जाने के कारण उनका निधन हो गया। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई और बड़ी संख्या में लोग उनके आवास पर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना देने लगे।
जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि राकेश मिश्रा सरल स्वभाव के धनी व्यक्ति थे और क्षेत्र की सामाजिक एवं राजनीतिक गतिविधियों में हमेशा सक्रिय भूमिका निभाते थे। उन्होंने कहा कि उनका असामयिक निधन क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है।
झंझारपुर लोकसभा सांसद रामप्रीत मंडल ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि राकेश मिश्रा एनडीए की विचारधारा और संगठन के प्रति पूर्ण रूप से समर्पित, कर्मठ एवं संघर्षशील कार्यकर्ता थे। उनका सरल व्यक्तित्व, उत्कृष्ट संगठन क्षमता तथा जनसेवा के प्रति अटूट समर्पण हमेशा कार्यकर्ताओं को प्रेरित करता रहेगा।
बिहार सरकार की मंत्री एवं फुलपरास विधानसभा क्षेत्र की विधायक शीला मंडल ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा कि राकेश मिश्रा का निधन विशेष रूप से फुलपरास क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि एनडीए को मजबूत और विस्तार देने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है, जिसकी भरपाई करना संभव नहीं है।
वहीं बिहार सरकार के मंत्री एवं झंझारपुर से भाजपा विधायक नीतीश मिश्रा ने कहा कि संगठन जिला झंझारपुर के पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष तथा नौआबाखर पंचायत के पूर्व मुखिया राकेश मिश्रा के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
राकेश मिश्रा लंबे समय से भाजपा संगठन और सामाजिक कार्यों से जुड़े हुए थे। उनके निधन से न केवल एनडीए परिवार बल्कि पूरे सामाजिक एवं राजनीतिक जगत को गहरा आघात पहुंचा है। क्षेत्र के लोगों ने उन्हें एक लोकप्रिय, मिलनसार और जनसेवा के प्रति समर्पित नेता के रूप में याद किया है।
(संतोष कुमार )