मुंबई (आनंद कुमार दुबे): बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन एक बार फिर अपने दमदार एक्शन अवतार में बड़े पर्दे पर लौटने जा रहे हैं। उनकी आगामी फिल्म ‘चौहान’ का फर्स्ट लुक और टीज़र दिवंगत एक्शन निर्देशक वीरू देवगन की जयंती के अवसर पर जारी किया गया। यह फिल्म अजय देवगन और फिल्म निर्माता आनंद एल राय के बीच पहली साझेदारी है, जबकि इसका निर्माण जियो स्टूडियोज और कलर येलो प्रोडक्शंस द्वारा किया जा रहा है।
जारी किए गए टीज़र में अजय देवगन बेहद आक्रामक और रहस्यमयी अंदाज में दिखाई देते हैं। वीडियो में उनका संवाद— “पठानों से कहना, चौहान आ रहा है”— सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा का विषय बन गया है। टीज़र में हाई-ऑक्टेन एक्शन की झलक देखने को मिलती है, जिससे साफ संकेत मिलता है कि फिल्म बड़े पैमाने पर एक्शन और मनोरंजन का अनुभव देने वाली होगी।
फिल्म का निर्देशन नीरज यादव कर रहे हैं, जबकि निर्माता ज्योति देशपांडे, आनंद एल राय और हिमांशु शर्मा हैं। निर्माताओं ने वीरू देवगन को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि भारतीय एक्शन सिनेमा में उनके योगदान को यह फिल्म सम्मानपूर्वक याद करती है।
‘चौहान’ 1 अक्टूबर 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फर्स्ट लुक सामने आने के बाद अजय देवगन के प्रशंसकों में फिल्म को लेकर उत्साह काफी बढ़ गया है।