नई दिल्ली: फिल्म ‘काला हिरण: द बैटल फॉर लेगेसी’ को लेकर चल रहे कानूनी विवाद में दिल्ली हाई कोर्ट ने अभिनेता सलमान खान की याचिका पर सुनवाई 6 जुलाई तक के लिए स्थगित कर दी है। सलमान खान ने फिल्म के प्रमोशन और रिलीज पर रोक लगाने की मांग करते हुए याचिका दायर की थी, लेकिन फिलहाल अदालत ने कोई अंतरिम रोक नहीं लगाई है। इससे फिल्म की रिलीज पर तत्काल कोई असर नहीं पड़ेगा।
सुनवाई के दौरान फिल्म के निर्माता अमित जानी ने सलमान खान की याचिका का विरोध किया। उनका आरोप है कि पिछली सुनवाई में उन्हें अपनी बात रखने का पर्याप्त अवसर नहीं मिला और याचिका की प्रति भी समय पर उपलब्ध नहीं कराई गई। उन्होंने अदालत के समक्ष कानूनी और तथ्यात्मक पक्ष रखते हुए कहा कि फिल्म की रिलीज रोकने का कोई आधार नहीं है।
सुनवाई के बाद अमित जानी ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए दावा किया कि सलमान खान को हाई कोर्ट से कोई राहत नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि अदालत किसी व्यक्ति की लोकप्रियता नहीं, बल्कि कानून के आधार पर फैसला करती है। अमित जानी ने यह भी कहा कि फिल्म निर्धारित योजना के अनुसार देश-विदेश के लगभग 8,000 सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी। अब इस मामले की अगली सुनवाई 6 जुलाई को होगी, जिस पर सभी की नजरें टिकी हैं।