मधुबनी (बिहार) फुलपरास। प्रखंड कार्यालय के सभागार में मंगलवार को जनवितरण प्रणाली (पीडीएस) विक्रेताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पीडीएस डीलर संघ के प्रखंड अध्यक्ष श्रवण कुमार ने की। इस दौरान डीलरों ने विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर अपनी आवाज बुलंद की।
डीलरों ने प्रमुख मांग रखते हुए कहा कि फुलपरास प्रखंड कार्यालय परिसर में लाखों रुपये की लागत से निर्मित 500 एमटी क्षमता वाले एसएफसी गोदाम से पीडीएस दुकानदारों को खाद्यान्न का उठाव अविलंब शुरू कराया जाए। डीलरों का कहना था कि फुलपरास में एसएफसी का गोदाम उपलब्ध होने के बावजूद प्रखंड के डीलरों को घोघरडीहा स्थित एसएफसी गोदाम से खाद्यान्न का उठाव कराया जा रहा है।
डीलरों ने घोघरडीहा एसएफसी गोदाम से खाद्यान्न उठाव के दौरान खराब अनाज और कम वजन मिलने की शिकायत भी की। उन्होंने संबंधित मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
बैठक में डीलर संघ के प्रखंड अध्यक्ष श्रवण कुमार, कोषाध्यक्ष कौशल कुमार, शिव कुमार यादव, सुरेन्द्र साफी, यदुवीर साफी, इन्द्र कुमार सिंह, संजय कुमार राय, उमाकांत कामत, रमन कुमार, मकसुदन विराजी, विनय कुमार, उमेश प्रसाद यादव, राजेन्द्र राय, बच्चेलाल मंडल, मिश्री लाल राम सहित बड़ी संख्या में पीडीएस विक्रेता मौजूद रहे।
(संतोष कुमार)