एनएच-27 पर बाइक-मोबाइल छिनतई गिरोह का पर्दाफाश, पांच गिरफ्तार

फुलपरास (मधुबनी-बिहार) :- राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर बाइक और मोबाइल छिनतई करने वाले गिरोह का फुलपरास थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से छिनतई के 10 मोबाइल फोन और तीन बाइक बरामद की गई हैं।

प्रभारी डीएसपी सुबोध कुमार सिंह ने सोमवार को फुलपरास थाना परिसर में प्रेस वार्ता कर बताया कि पुलिस को भट्टाबाड़ी गांव में छिनतई के मोबाइल बेचने की सूचना मिली थी। थानाध्यक्ष विक्रम आचार्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी कर दीपेश कुमार और प्रयन्त कुमार को तीन मोबाइल व एक बाइक के साथ गिरफ्तार किया।

पूछताछ में दोनों ने गिरोह के अन्य सदस्यों के नाम बताए। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर मो. मुस्तकीम उर्फ मो. आशिक, मो. अमानुल्लाह उर्फ मुंशी और चोरी के मोबाइल खरीदने वाले दुकानदार अमित कुमार मंडल को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने अमित कुमार मंडल की दुकान से छिनतई के मोबाइल बरामद किए। वहीं, मो. मुस्तकीम के घर से पल्सर और मो. अमानुल्लाह के घर से केटीएम बाइक बरामद हुई। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे एनएच-27 पर मुजफ्फरपुर से फुलपरास के आगे तक बाइक, मोबाइल और अन्य सामान की छिनतई करते थे।

थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में दो का आपराधिक इतिहास भी रहा है। मामले में फरार रूपेश मंडल, प्रियांशु यादव और रमेश यादव की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

छापेमारी टीम में थानाध्यक्ष विक्रम आचार्य, अवर निरीक्षक निरंजन कुमार, पुअनि कांति कुमारी, सअनि सुबोध कुमार, चौकीदार मो. शमीम, चंदन कुमार मंडल सहित सशस्त्र बल के जवान सुजीत कुमार शामिल थे।

(By Santosh kumar)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *