फूलपरास में कांग्रेस का प्रतिरोध मार्च, NEET कथित धांधली और बेरोज़गारी के खिलाफ प्रदर्शन

फुलपरास (मधुबनी): फुलपरास विधानसभा के लोहिया चौक पर बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने NEET परीक्षा में कथित धांधली, छात्रों के आंदोलन पर कार्रवाई और बढ़ती बेरोज़गारी के विरोध में प्रतिरोध मार्च निकाला। कार्यक्रम की संयुक्त अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष रणधीर सेन, अब्दुल दायन हाशिम एवं देवेंद्र झा ने की।
प्रतिरोध मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया और अपनी नाराज़गी जताई। प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, छात्रों को न्याय और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सुनिश्चित करने की मांग की।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमिटी, मधुबनी (पूर्व) के अध्यक्ष नलिनी रंजन झा, फूलपरास विधानसभा के पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी सुबोध मंडल सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। अपने संबोधन में नेताओं ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की कमी, प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताएं, पेपर लीक और बढ़ती बेरोज़गारी के कारण युवाओं का भविष्य संकट में है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी युवाओं के अधिकारों, निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था और रोजगार के मुद्दे पर लगातार संघर्ष करती रहेगी।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस पूर्वी के अध्यक्ष रूपम झा, गांधी जी, इस्लाम हक, गुंजन राम, तेतनाथ पाठक, पूर्व जिला अध्यक्ष मनोज मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

(संतोष कुमार)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *